इस वजह से मनाया जाता है ‘सशस्त्र सेना झंडा दिवस’, जेडीयू ट्रेडर्स प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने वीर सेनानियों को किया याद, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। आज भारतीय सशस्त्र सेना झंडा दिवस 2021 (Armed Forces Flag Day) मनाया जा रहा है। हर साल 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। जेडीयू ट्रे़डर्स प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता संजीव श्रीवास्तव ने इस अवसर पर सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। आर्म्ड फोर्सेज फ्लैग डे को सशस्त्र बल झंडा दिवस या झंडा दिवस भी कहते हैं। इसका उद्देश्य भारतीय सशस्त्र सेना के कर्मियों के कल्याण के लिए फंड जुटाना और उनके परिवार के भलाई में इसका खर्च किया जाना है। सशस्त्र बल झंडा दिवस की शुरुआत 7 दिसंबर 1949 के दिन से हुई। केंद्रीय मंत्रिमंडल की रक्षा समिति ने युद्ध दिग्गजों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए सात दिसंबर को सशस्‍त्र बल झंडा दिवस मनाने का फैसला लिया था। तब से हर साल 7 दिसंबर को सशस्‍त्र बल झंडा दिवस मनाया जाता है। सरकार ने 1993 में संबंधित सभी फंड को एक सशस्त्र बल झंडा दिवस कोष में मिला दिया था।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर हुए धन संग्रह के तीन मुख्य उद्देश्य है- पहला युद्ध के समय हुए नुकसान में मदद, दूसरा सेना में काम कर रहे लोगों और उनके परिवार के कल्याण और मदद के लिए। तीसरा सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवार की मदद। आज के दिन इंडियन आर्मी, इंडियन एयर फोर्स और इंडियन नेवी तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित करती है। कार्यक्रमों से जो धन संग्रह होता है, उसको ‘आर्म्ड फोर्सेज फ्लैग डे फंड’ में डाल दिया जाता है।

रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय सैनिक बोर्ड की स्थानीय शाखाएं इस दिन धन संग्रह का प्रबंधन करते हैं। इसमें एक प्रबंधन समिति और स्वयंसेवी संगठन होते हैं। देशभर में सैन्य बलों के लिए गए धन संग्रह के बदले लाल, गहरे नीले और हल्के नीले रंग के झंडे दिए जाते हैं। ये तीनों रंग तीनों भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना का प्रतीक हैं। ये दिन हमें इस बात का भी ध्यान दिलाता है कि सीमा पर मुश्किल हालातों में डटे जवानों के परिजनों के लिए हम भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। आपको बता दें कि इस दिन देश के लाखों लोग सेना के जवानों के लिए आर्थिक सहयोग में भागीदारी निभाते हैं। इसके अलावा कोई भी इच्‍छुक व्‍यक्ति केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर भी ऑनलाइन अपना सहयोग इसमें कर सकता है।

Share This Article