NEWS PR डेस्क: भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड से मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। खैरा मोड़ क्षेत्र में खेत की जुताई करा रहे एक किसान पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल किसान की पहचान मोहम्मद अयूब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि इलाज का खर्च अधिक होने के कारण परिवार बाद में उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल), भागलपुर में भर्ती कराने को मजबूर हुआ। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
घायल किसान के बेटे ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। जिन लोगों पर हमले का आरोप लगाया जा रहा है, वे रिश्ते में उनके दादा लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद न तो आरोपियों ने कोई मदद की और न ही गांव के अन्य लोग सहायता के लिए आगे आए। परिवार ने किसी तरह घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
