भागलपुर पुलिस का ब्राउन शुगर गिरोह पर बड़ा प्रहार, महिला समेत 5 गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के तहत सिटी एसपी सैलेंद्र सिंह की अगुवाई में ब्राउन शुगर के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। कार्रवाई में एक महिला समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस की स्पेशल टीम ने कोतवाली बायपास और लालमटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी की। सिटी एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिसमें पता चला कि कोतवाली बायपास इलाके में ब्राउन शुगर की डिलीवरी होने वाली है। टीम ने घेराबंदी कर मौके से आरोपियों को धर-दबोचा।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और युवाओं को निशाना बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

दूसरी ओर, लालमटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए अमित कुमार नामक आरोपी को 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इलाके में छोटी-छोटी खेप सप्लाई कर रहा था और उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी।

कोतवाली बायपास कार्रवाई में अभिषेक, गौरव और एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। सिटी एसपी ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह गिरोह संगठित तरीके से शहर में नशे का कारोबार चला रहा था और सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिटी एसपी ने कहा, “भागलपुर में नशा कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।”

Share This Article