बड़ी खबर बस ने सदर थाने के प्रशिक्षु दारोगा को रौंदा, हालत गंभीर, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। सदर थाना के गोबरसही में एनएच 28 पर गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार बस ने प्रशिक्षु दारोगा जैनेंद्र कुमार झा को रौंद दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बैरिया स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त वह डिवाइडर पर बने कट से होकर एनएच पार कर रहे थे। उनके पैर-हाथ टूट गए हैं। कमर व सीने में भी जख्म है। डॉक्टर ने उनकी स्थिति गंभीर बतायी है। प्रशिक्षु दारोगा सदर थाने में कार्यरत हैं।

थानेदार संजीव कुमार सिंह निराला ने बताया कि प्रशिक्षु दारोगा भिखनपुरा में किराये के मकान में रहते हैं। वह सुबह साढ़े आठ बजे बाइक से ड्यूटी पर आ रहे थे। गोबरसही से भगवानपुर की ओर कुछ दूर आगे एनएच पर डिवाइडर के एक कट से मुड़ रहे थे। इस दौरान भगवानपुर की ओर से आ रही एक बस ने ठोकर मार दी। इससे प्रशिक्षु दारोगा काफी दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद चालक बस लेकर रामदयालुनगर की ओर भाग निकला।

प्रशिक्षु दारोगा मधुबनी के रहने वाले

प्रशिक्षु दारोगा जैनेंद्र कुमार झा जैनेंद्र झा मधुबनी के अंधरामठ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। सूचना पर परिजन भी शहर पहुंच गए हैं। सदर थानेदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से बस की पहचान की जा रही है। देर शाम तक बस को पकड़ा नहीं जा सका था।

Share This Article