NEWS PR डेस्क: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली (TRE-4) को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति के बीच शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि बहाली की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और बहुत जल्द बीपीएससी से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
एक तरफ जहां बजट सत्र के दौरान विधानसभा में टीआरई-4 का मुद्दा गरमाया हुआ है, वहीं दूसरी ओर छात्र संगठन लगातार आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार (07 फरवरी 2026) को एक बार फिर प्रदर्शन की घोषणा की गई है। इसी बीच शिक्षा मंत्री का यह बयान अभ्यर्थियों के लिए अहम माना जा रहा है।
रोस्टर भेजा गया, अब अगला कदम बीपीएससी का
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षा विभाग ने टीआरई-4 नियुक्ति का रोस्टर सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया है। अब वहां से प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और इसके बाद मामला बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस चरण में करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। विभागीय स्तर पर बहाली से जुड़े सभी जरूरी काम पूरे कर लिए गए हैं। छात्र संगठनों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील कुमार ने कहा कि अब इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।
कला और लाइब्रेरियन बहाली पर भी आया बयान
सीपीएम विधायक अरुण सिंह की ओर से कला विषय में शिक्षकों की बहाली की मांग पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वैकेंसी का कोई अंत नहीं है। लाइब्रेरियन की बहाली भी होनी है, कला की भी जरूरत है। धीरे-धीरे सब किया जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक करोड़ रोजगार और नौकरी देने के लक्ष्य पर सरकार लगातार काम कर रही है।