बिहार ATS ने खगौल से सेना जवान को किया गिरफ्तार, पाकिस्तानी महिला से सुरक्षा जानकारियां शेयर करने का आरोप, मामले में होंगे गंभीर खुलासे

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में भारतीय सेना के एक जवान को पाक्सितानी महिला को खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक बिहार ATS टीम ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और मिलेट्री इंटेलिजेंस को इनपुट पर यह कार्रवाई की है। बिहार ATS ने खगौल से जवान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जवान काफी समय से पाकिस्तानी महिला के संपर्क में था और भारतीय सुरक्षा से जुड़ी कई जानकारी उसे दे रहा था। गिरफ्तार जवान नालंदा जिले के अस्थावां गांव निवासी गणेश कुमार है। सेना में वह मेडिकल कोर का जवान है। वर्तमान में इसकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुणे में थी।

यह मामला हनी ट्रैप जैसा प्रतीत हो रहा। बताया जा रहा कि महिला ने पहले सेना के जवान से दोस्ती की, फिर अपनी बातों के जाल में फंसाकर उससे सुरक्षा की जानकारियां हासिल करती। फिलहाल इंटेलिजेंस और सेना के अधिकारी अपने स्तर से इस पूरे मामले की पड़ताल कर रहे। इस मामले में कई और अहम बातें सामने आने की संभावना है।

बता दें कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और मिलेट्री इंटेलिजेंस को इनपुट मिली थी जिस पर बिहार ATS की टीम ने काम किया। कुछ और ठोस सबूत जुटाए। इसके बाद जवान गणेश को आज खगौल थाना के साथ मिलकर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए सेना के जवान गणेश से खगौल थाना में लंबी पूछताछ की गई है। उसने पाकिस्तानी महिला रिया (बदला हुआ नाम) के साथ इंफॉर्मेशन शेयर करने की बात को स्वीकार किया है। पाकिस्तानी महिला ने पहचान बदलकर दो साल पहले इससे दोस्ती की थी। उस वक्त गणेश की पोस्टिंग राजस्थान के जोधपुर में थी। गणेश का दावा है कि पाकिस्तानी महिला ने खुद को नेवी के मेडिकल टीम का स्टाफ बताया था।

Share This Article