जीविका दीदियों के लिए नीतीश सरकार ने कर दिया बड़ा ऐलान

बिहार में नारी सशक्तीकरण की मिसाल बन चुकी जीविका दीदियों को जल्द ही आधिकारिक पहचान-पत्र और ड्रेस कोड मिलेगा।

Asha Rai

NEWS PR डेस्क : बिहार की जीविका दीदियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नीतीश सरकार ने उनके सम्मान और पहचान को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। अब जीविका दीदियों को आधिकारिक पहचान-पत्र और ड्रेस कोड देने की तैयारी है।

जी हाँ, बिहार में नारी सशक्तीकरण की मिसाल बन चुकी जीविका दीदियों को जल्द ही आधिकारिक पहचान-पत्र और ड्रेस कोड मिलेगा। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि सरकार इस दिशा में आवश्यक निर्देश पहले ही जारी कर चुकी है।

दरअसल, विधानसभा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलपी) की विधायक स्नेहलता ने जीविका दीदियों की पहचान और अधिकारों से जुड़ा सवाल उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या राज्य में कार्यरत जीविका दीदियों को अलग पहचान देने के लिए आई कार्ड और ड्रेस कोड उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें काम के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विधायक ने कहा कि कई बार जीविका दीदियों से आधिकारिक पहचान पत्र मांगा जाता है, लेकिन उनके पास आई कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी कार्यालयों, पंचायतों और अन्य संस्थानों में असुविधा होती है। उनका मानना है कि ड्रेस कोड और परिचय पत्र मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और समाज में उनकी पहचान भी मजबूत होगी।

इस पर मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि जीविका दीदियों के लिए आई कार्ड बनाने का निर्देश जारी किया जा चुका है। राज्य सरकार ने इस जिम्मेदारी को सामुदायिक संगठनों को सौंपा है, जो उन्हें ड्रेस कोड और पहचान पत्र उपलब्ध कराएंगे। साथ ही सुरक्षा के मद्देनज़र मंत्री ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में जीविका दीदियां 112 डायल कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

सरकार के इस फैसले से जीविका दीदियों की पहचान और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। ड्रेस कोड और आई कार्ड के जरिए उन्हें सरकारी और सामाजिक गतिविधियों में अधिक सम्मान और मान्यता प्राप्त होगी।

कुल मिलाकर, सरकार का यह फैसला जीविका दीदियों को नई पहचान, सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share This Article