NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव से एक दिन पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान से पहले एनडीए और महागठबंधन दोनों ही अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कवायद में जुटे हुए हैं। इसी बीच खबर है कि कांग्रेस के दो विधायक फिलहाल संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार महागठबंधन के विधायकों को पटना के एक होटल में ठहराया गया है, ताकि किसी भी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना को रोका जा सके। वहीं दूसरी ओर National Democratic Alliance (एनडीए) भी लगातार अपने विधायकों के साथ बैठक कर उन्हें एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक Indian National Congress के वाल्मीकिनगर से विधायक Surendra Prasad Kushwaha से पार्टी नेता लगातार संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
इसी तरह फारबिसगंज से विधायक Manoj Kumar Yadav Vishwas भी कथित तौर पर संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व को उनके क्रॉस वोटिंग की आशंका है, जिसके कारण कांग्रेस नेता उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके दोनों मोबाइल नंबर फिलहाल आउट ऑफ रीच बताए जा रहे हैं।
दरअसल बिहार में करीब 12 साल बाद राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की स्थिति बनी है, जिससे सियासी समीकरण और भी दिलचस्प हो गए हैं। पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है और इसके नतीजे पर क्रॉस वोटिंग का असर पड़ सकता है।
ऐसे में मतदान से ठीक पहले विधायकों की सक्रियता और उनकी मौजूदगी को लेकर दोनों खेमों में सतर्कता बढ़ गई है, जिससे बिहार की राजनीति में माहौल और गर्म हो गया है।