पटना नगर निगम को मिली नई डिप्टी मेयर, 43 वोट के साथ रजनी देवी की जीत, कहा- मेयर के साथ मिलकर पटना की सुंदरता में लगाएंगी चार चांद

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना को नई डिप्टी मेयर मिली है। रजनी देवी को नया डिप्टी मेयर बनाया गया है। रजनी देवी वार्ड संख्या 22 सी की नगर पार्षद हैं, जिनके पक्ष में 43 वोट मिले वही एक वोट को अमान्य घोषित कर दिया। पटना नगर निगम के उप मुख्य पार्षद का चुनाव निर्वाची पदाधिकारी जिलाधिकारी पटना डॉ चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में की गई। जिसमें उप मुख्य पार्षद के चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलू की संक्षिप्त जानकारी पार्षदों को दी गई । फिर उप मुख्य पार्षद के चुनाव के लिए नामांकन ,उसकी संवीक्षा, अभ्यर्थिता वापसी, मतपत्र की तैयारी संबंधी चरणबद्ध प्रक्रिया पूरी की गई।

पटना नगर निगम के 75 वार्ड में से वार्ड संख्या 20 खाली है। इस प्रकार 74 वार्ड पार्षदों में से उप मुख्य पार्षद के चुनाव के लिए कुल 59 पार्षद उपस्थित हुए। प्रक्रिया के अनुरूप प्रपत्र 26 में दो उम्मीदवारों सुचित्रा सिंह वार्ड नंबर 22 बी और रजनी देवी वार्ड नंबर 22 सी ने नामांकन किया। फिर निर्वाची पदाधिकारी की अनुमति से सभी 59 वार्ड पार्षदों द्वारा बारी-बारी से मतदान किया गया। जिसेमें 58 मत में से 15 मत सुचित्रा सिंह और 43 मत रजनी देवी मिले।

वहीं डिप्टी मेयर के पद पर निर्वाचित रजनी देवी ने कहा कि मेयर के साथ मिलकर जितना हो सकेगा पटना के विकास के लिए काम करेंगे। रजनी देवी का कार्यकाल 7 महीने का ही होगा लेकिन फिर भी उन्होंने दावा किया कि पटना में विकास का कार्य करेंगी।

वहीं रजनी देवी को उप मुख्य पार्षद पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। आयोग द्वारा प्रदत्त निर्देश के अनुरूप रजनी देवी को उप मुख्य पार्षद के लिए निर्वाची पदाधिकारी द्वारा शपथ भी दिलाया गया।

Share This Article