NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत 23 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अरवल जिले के बेलखारा गांव पहुंचेंगे, जहां वे प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम जिले के स्वास्थ्य और विकास के दृष्टिकोण से एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
बेलखारा गांव, जो जनता दल (यू) के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज रंजन का पैतृक गांव है, इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर उत्साह और तैयारियों में डूबा हुआ है। गांव के लोग मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अपार खुशी जता रहे हैं और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक नई शुरुआत मान रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल अरवल, बल्कि आसपास के जिलों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
इस बीच, बेलखारा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से एक भावनात्मक मांग भी रखी है। उन्होंने आग्रह किया है कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नामकरण महान समाज सुधारक प्रयाग दत्त जी के नाम पर किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि प्रयाग दत्त जी ने वर्ष 1913 में बेलखारा में बिहार का पहला और देश का दूसरा कुशवाहा सम्मेलन आयोजित कर सामाजिक जागरूकता की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया था। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बेलखारा को प्रखंड का दर्जा देने की भी मांग उठाई है, ताकि प्रशासनिक सुविधाएं और विकास कार्यों को और गति मिल सके।
