बिहार बनेगा आधुनिक पर्यटन का बड़ा केंद्र, बढ़ेंगे रोजगार और निवेश: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 13 जुलाई 2026। बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह योजना बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 13 जुलाई 2026 से इस योजना की बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को नियमित हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रथम चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए सब्सिडी युक्त हेली-टूरिज्म सेवा शुरू की गई है। सरकार प्रत्येक टिकट पर अधिकतम 15,422 रुपये तक का अनुदान दे रही है, जिससे आम नागरिक भी किफायती दरों पर हवाई पर्यटन का आनंद ले सकेंगे।

बिहार बनेगा आधुनिक पर्यटन का बड़ा केंद्र

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब केवल इतिहास और आस्था की भूमि नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन का सशक्त केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, विश्वप्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध साम्राज्य जैसी ऐतिहासिक विरासत बिहार की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार का उद्देश्य इन धरोहरों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना और अधिक से अधिक पर्यटकों को बिहार की ओर आकर्षित करना है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग को एयर टूरिज्म का विस्तार करने के निर्देश दिए गए हैं और निजी क्षेत्र की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि पर्यटन सेवाओं का दायरा और व्यापक हो सके।

पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार और निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि सरकार होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांव-गांव तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था विकसित कर रही है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के माध्यम से निजी निवेश को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यटन अवसंरचना का तेजी से विकास होगा।

“हर बिहारी बने राज्य का ब्रांड एंबेसडर”

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार का प्रत्येक नागरिक राज्य का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने व्यवहार, आतिथ्य, संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करें। उनका कहना था कि जब हर नागरिक पर्यटन का दूत बनेगा, तब बिहार की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत होगी।

पर्यटन अवसंरचना का तेजी से हो रहा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए पर्यटन सर्किट विकसित किए जा रहे हैं तथा धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पटना में दो बड़े होटल बन रहे हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े बोधगया और राजगीर, भगवान महावीर से जुड़े लछुआड़ और वैशाली, बाबा हरिहरनाथ मंदिर, मुंडेश्वरी मंदिर, वाल्मीकिनगर, भीमबांध जंगल, नालंदा विश्वविद्यालय और मगध की ऐतिहासिक विरासत को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार म्यूजियम देश के सबसे उत्कृष्ट संग्रहालयों में शामिल है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देख चुके हैं। इसके अलावा बापू टावर भी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का आकर्षण बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में सबसे बेहतर ग्रामीण सड़क नेटवर्क बिहार में है और गांव सड़क, बिजली तथा पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से लैस हैं। उन्होंने बताया कि जेपी गंगा पथ से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

विकसित भारत और समृद्ध बिहार के संकल्प को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 बिहार के पर्यटन क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी और राज्य को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों में स्थापित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पर्यटन नीति-2023 के तहत हितग्राहियों को डीबीटी चेक प्रदान किए तथा मुख्यमंत्री होम-स्टे प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

इन नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता तथा पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, हितग्राही और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article