बिहार विधानसभा उप चुनाव परिणाम : दोनों सीट जेडीयू के खाते में, तेजस्वी यादव बोले- हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं था, इस जनादेश का हम सम्मान करते हैं

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव में जेडीयू की जीत हुई है। मंगलवार को दोनों सीटों- कुशेश्वरस्थान और तारापुर के रिजल्ट जदयू के पक्ष में गये। कुशेश्वरस्थान में जदयू के अमन भूषण हजारी ने राजद के गणेश भारती को 12,695 वोटों से हरा दिया। वहीं, तारापुर में जदयू के राजीव कुमार सिंह ने राजद के अरुण कुमार को 3852 वोटों से पछाड़ दिया। इस तरह दोनों सीटों पर जदयू का कब्जा कायम रहा।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दोनों सीटों पर हुई हार स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि इस जनादेश का हम सम्मान करते हैं। हम लोग लोकतंत्र में विश्वास करने वाले हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम लोगों ने पूरी मजबूती के साथ कुशेश्वरस्थान में पहला चुनाव लड़ा। मजबूत विपक्ष होने के नाते हमने हर मुद्दे को इस चुनाव में जनता के बीच लाया। कुछ लोग निजी हमले कर रहे थे, पर हम लोगों की कोशिश रही कि चुनाव मुद्दे के आधार पर लड़ा जाए। हम लोगों ने अच्छा मुकाबला किया। हमारे पास तो खोने के लिए कुछ नहीं था। आज भी हम 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में हैं। चुनाव में हार-जीत चलती रहती है।

वर्ष 2020 के चुनाव में दोनों ही सीटों पर जदयू ने कब्जा किया था, लेकिन दोनों विधायकों के असमय निधन से उप चुनाव कराना पड़ा। तारापुर में 2020 में जदयू उम्मीदवार मेवालाल चौधरी ने 64 हजार 468 वोट प्राप्त कर राजद के दिव्यप्रकाश को सात हजार से अधिक वोटों से हराया था। राजद उम्मीदवार को 57 हजार 243 वोट मिले थे। तारापुर में 2010, 2015 और 2020 में जदयू ने ही जीत हासिल की थी। वहीं कुशेश्वरस्थान में 2020 में जदयू के शशिभूषण हजारी ने 53 हजार 980 वोट लाकर कांग्रेस के अशोक कुमार को सात हजार से अधिक वोटों से हराया था। कांग्रेस को तब 46 हजार 758 वोट मिले थे। इस सीट पर 2015 में भी जदयू की जीत हुई थी।

Share This Article