बिहार : बोचहां से VIP के विधायक मुसाफिर पासवान का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली आखिरी सांस

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार की बोचहां विधानसभा सीट से वीआईपी पार्टी के विधायक रहे मुसाफिर पासवान का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पार्टी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने इसकी जानकारी दी। सहनी ने विधायक के निधन को बिहार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।सहनी ने इस दुखद खबर को फेसबुक पर साझा करते हुए लिखा, ‘बोचहां विधानसभा से वीआईपी पार्टी के विधायक श्री मुसाफिर पासवान जी अब हमारे बीच नहीं रहे। मुसाफिर जी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, उनका इलाज दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में चल रहा था, हम सभी ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया। मुसाफिर जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। उनका निधन पूरे बिहार राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि।’

बोचहां विधानसभा का उन्होंने दो बार प्रतिनिधित्व किया था। उनके निधन से राजनीतिक दल के नेताओं एवं क्षेत्र की जनता में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर आज नई दिल्ली से यहां लाया जाएगा। मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के मुसाफिर पासवान ने मजदूर नेता से विधायक का सफर तय किया। वो मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में मुकेश साहनी के पार्टी वीआईपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे थे।राजद के कद्दावर नेता रमई राम को मात देकर वह दूसरी बार बोचहां से विधायक बने। इससे पहले वह वर्ष 2005 में राजद से यहां के विधायक बने थे। पिछले वर्ष चुनाव जीतने के बाद से ही उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उनका सभी दलों के नेताओं से बेहतर संबंध रहा।

 

Share This Article