NEWS PR डेस्क: पटना, 14 अप्रैल। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के नाम एक भावुक संदेश जारी किया है। अपने वक्तव्य में उन्होंने 24 नवंबर 2005 से शुरू हुई एनडीए सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि तब से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और लगातार विकास के कार्य किए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग—हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित—सभी के विकास के लिए काम किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे हर क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए, वहीं महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी कई अहम पहलें की गईं।
नीतीश कुमार ने आगे बताया कि आगामी वर्षों को ध्यान में रखते हुए 2025 से 2030 तक के लिए “7 निश्चय-3” की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने बिहार के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि अब मुख्यमंत्री पद छोड़ना है। इसी निर्णय के तहत मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार राज्य को और आगे ले जाएगी और उन्हें पूरा सहयोग व मार्गदर्शन मिलेगा।
अंत में उन्होंने बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इतने वर्षों तक सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात रही और आगे भी राज्य के विकास की यात्रा निरंतर जारी रहेगी।