NEWS PR डेस्क: बिहार के मौसम में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। चालक हेडलाइट जलाकर और सावधानी के साथ वाहन चला रहे हैं। हाईवे और प्रमुख सड़कों पर खास सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
रेल यातायात पर भी कोहरे का असर साफ दिख रहा है। कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड और देरी के कारण स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी तक मौसम के सामान्य होने की संभावना कम है। पछुआ हवा के प्रभाव से सुबह और शाम ढलते ही ठंड बढ़ जा रही है, जिससे कनकनी का एहसास हो रहा है।
हालांकि, पटना में सुबह से धूप निकलने पर लोगों को हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर अब भी कायम है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और विशेषकर सुबह-शाम यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।