NEWS PR डेस्क : बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पटना आए। आज मंगलवार को वे बिहार विधानसभा के बजट सत्र में शिरकत करेंगे। नितिन नवीन पटना से विधायक हैं, इसी वजह से बजट सत्र में उनकी भागीदारी तय है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार अपने गृह नगर पटना पहुंचे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। बिहार भाजपा की ओर से उनके सम्मान में पटना के बापू सभागार में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। नितिन नवीन आज मंगलवार, 10 फरवरी को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में भी शामिल होंगे।
बजट सत्र में नितिन नवीन की होगी मौजूदगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पटना पहुंचे नितिन नवीन मंगलवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में भाग लेंगे। संभावना है कि वे सत्र की दूसरी पाली में विधानसभा पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे उनके विधानसभा पहुंचने का कार्यक्रम है। नितिन नवीन फिलहाल पटना की बांकीपुर सीट से विधायक हैं, इसी नाते वे विधायक के रूप में बजट सत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनके सत्र में शामिल होने को लेकर बीजेपी के मंत्रियों और विधायकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राजनीति में पहचान सिर्फ पद से नहीं, बल्कि व्यक्ति के कर्म और पुरुषार्थ से भी बनती है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग प्रदेशों के दौरों के दौरान कार्यकर्ताओं की भावनाएं देखकर यह संकल्प और मजबूत हुआ है कि भाजपा को और ऊंचाइयों तक ले जाना है। उनका कहना था कि पार्टी का स्वर्णिम दौर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के साथ ही साकार होगा।
उन्होंने कहा कि राजनीति कोई तात्कालिक रास्ता नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली लंबी यात्रा है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति में लाखों युवाओं की सक्रिय भागीदारी का जो संकल्प लिया है, उसे हम सबको मिलकर साकार करना है। हर जिले और हर प्रदेश में भाजपा का सशक्त नेतृत्व तैयार करने के लिए अपने-अपने दौर में पूरे समर्पण के साथ पुरुषार्थ करना होगा। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज पार्टी जिस मजबूत वटवृक्ष के रूप में खड़ी है, वह पूर्व नेताओं और कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग का ही परिणाम है।