NEWS PR डेस्क :कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में बिहार बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। पटना में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खड़गे के खिलाफ कार्रवाई और कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च
पटना स्थित बीजेपी कार्यालय से निकले विरोध मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ऐसे बैनर और पोस्टर थे, जिन पर खड़गे के बयान की आलोचना की गई थी। इस दौरान ‘बुजुर्ग खड़गे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो’ जैसे नारे लिखे बैनर-पोस्टर के साथ नारेबाजी की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ भी नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के पोस्टर जलाए, जबकि खड़गे के पुतले को जूतों की माला पहनाकर विरोध जताया।
कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज
प्रधानमंत्री मोदी को लेकर खड़गे की टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। बीजेपी नेताओं ने बयान को सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा।
संजय सरावगी ने की माफी की मांग
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सरावगी ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। वहीं, मंत्री रामकृपाल यादव ने भी कांग्रेस की भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के दौरान मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
क्या है पूरा मामला?
रविवार को पटना में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की थी — मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा। बताया गया कि एक कार्यकर्ता की बात के जवाब में उन्होंने यह बयान दिया। इस घटना के बाद बिहार बीजेपी ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है।
इससे पहले अगस्त 2025 में दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर कथित अपमानजनक टिप्पणी का मामला भी सामने आया था, जिस पर बीजेपी ने विरोध जताया था। फिलहाल, खड़गे की टिप्पणी को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज है। बीजेपी कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग कर रही है, जबकि इस विवाद पर आगे की राजनीतिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।