मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी! CSP संचालक के सिर पर हमला कर लाखों की लूट

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी पकोही चौक स्थित इंडियन बैंक के CSP केंद्र को निशाना बनाते हुए हथियारबंद बदमाशों ने लाखों रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने CSP संचालक के सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद चारों अपराधी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार अपराधी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी पकोही चौक स्थित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) की है। यहां मधुबन गांव निवासी CSP संचालक विजय/राजीव पंडित रोजाना की तरह ग्राहकों के वित्तीय लेन-देन का काम कर रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग बाइकों पर सवार चार अपराधी अचानक केंद्र में पहुंचे।अपराधियों ने हथियार के बल पर CSP केंद्र को अपने कब्जे में ले लिया और वहां रखी नकदी लूटने लगे। अचानक हुई इस वारदात से केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।
विरोध करने पर संचालक के सिर पर किया हमला
बताया जा रहा है कि CSP संचालक ने बदमाशों की लूटपाट का साहस के साथ विरोध किया। इससे नाराज अपराधियों ने उनके सिर पर पिस्टल की बट से जोरदार वार कर दिया। हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा।इसके बाद अपराधी नकदी से भरा बैग लेकर दोनों बाइकों से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
लूट की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरैया की एसडीपीओ अभिजीत भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर CSP संचालक से लूटपाट की है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article