Budget 2026: बिहार को इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी सौगात, पटना बनेगा शिप रिपेयर हब

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: केंद्र सरकार ने आम बजट 2026 में बिहार को इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के मोर्चे पर बड़ी सौगात दी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में पटना में ‘शिप रिपेयर इकोसिस्टम’ विकसित करने का ऐलान किया, जिसे बिहार के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

गंगा नदी के किनारे प्रस्तावित यह शिप रिपेयर सेंटर अंतर्देशीय जलमार्गों को नई मजबूती देगा। अब जहाजों और कार्गो वेसल्स की मरम्मत स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी, जिससे समय और लागत दोनों में भारी कमी आएगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे लॉजिस्टिक्स खर्च घटेगा और बिहार जल परिवहन के क्षेत्र में एक अहम केंद्र के रूप में उभरेगा।

बिहार से होकर गुजर सकता है हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर

बजट 2026 में एक और बड़ी घोषणा करते हुए केंद्र सरकार ने वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इस कॉरिडोर का रूट बिहार से होकर गुजरने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो यह राज्य की रेल कनेक्टिविटी के लिए एक नया अध्याय साबित होगा और पूर्वी भारत को देश के अन्य हिस्सों से तेज़ी से जोड़ेगा।

रोजगार और स्किल डेवलपमेंट को मिलेगा बढ़ावा

इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के साथ-साथ बजट में रोजगार और कौशल विकास पर भी खास ध्यान दिया गया है। जलमार्ग और रेल परियोजनाओं से जुड़े विशेष ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे, ताकि बिहार के युवाओं को शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और रेल इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सीधे रोजगार मिल सके।विशेषज्ञों का मानना है कि इन योजनाओं से बिहार में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होंगी और राज्य का पलायन प्रभावित युवाओं को अपने ही प्रदेश में नए अवसर मिलेंगे।

Share This Article