पश्चिम एशिया की स्थिति पर सीसीएस की बैठक, भारतीयों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सतर्क

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम के मद्देनज़र केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय समीक्षा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार शाम सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की तेजी से बदलती स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में 28 फरवरी को ईरान में हुए हवाई हमलों और उसके बाद कई खाड़ी देशों में बढ़े तनाव पर विस्तृत जानकारी दी गई। समिति ने इन घटनाओं से उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों और संभावित क्षेत्रीय अस्थिरता को गंभीरता से लिया।

सीसीएस ने विशेष रूप से पश्चिम एशिया में बड़ी संख्या में रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। समिति ने यह भी समीक्षा की कि इन हालातों का प्रभाव वहां से होकर यात्रा कर रहे भारतीय यात्रियों और निर्धारित परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों पर किस प्रकार पड़ रहा है।

इसके अलावा, क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक गतिविधियों और वाणिज्यिक हितों पर संभावित असर को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति ने संबंधित मंत्रालयों और विभागों को निर्देश दिया कि प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए सभी आवश्यक और संभव कदम तुरंत उठाए जाएं। साथ ही, सीसीएस ने स्थिति को शांत करने के लिए शीघ्र शत्रुता समाप्त करने तथा संवाद और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।

सरकार ने संकेत दिया है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

Share This Article