AK-47 बरामदगी मामले में 10 अभियुक्तों के विरूद्ध आरोप गठित, बेउर जेल से न्यायालय पहुंचे अभियुक्तों की कड़ी सुरक्षा में हुई पेशी, एक आरोपित पवन मंडल फरार, 09 आरोपितों के विरूद्ध पहले ही गठित हो चुका है आरोप

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मुंगेर में वर्ष 2018 में बरामद AK-47 मामले में बेउर जेल में बंद 10 अभियुक्तों की पेशी सोमवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम विपिन बिहारी राय के कोर्ट में हुई। न्यायालय ने सत्र वाद संख्या 294ए/21 में सुनवाई करते हुए सभी 10 अभियुक्तों मो.इमरान, मो.इरफान, पुरूषोत्तम लाल रजक, शैलेन्द्र रजक उर्फ शिवेन्दु, चंद्रावती देवी, सुरेश ठाकुर, शमसेर आलम उर्फ वीरो, मो.मंजर आलम उर्फ मंजी, रिजवाना बेगम और नियाजुर रहमान उर्फ नियाजुल पर AK-47 बरामदगी सहित अन्य प्रतिबंधित शस्त्र बरामदगी का आरोप गठित किया। अपर लोक अभियोजक धीरेन्द्र कुमार ने न्यायालय में अभियुक्तों के विरूद्ध चार्ज फ्रेम कराया।

सभी आरोपी इस मामले के अलावा एनआईए कोर्ट पटना के वाद संख्या 8/2018 एवं 31/2018 में नामजद रहने के कारण बेउर जेल में बंद हैं। जिन्हें सोमवार को कड़ी सुरक्षा में मुंगेर न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। बता दें कि इस मामले में 09 अभियुक्तों के विरूद्ध पूर्व में ही न्यायालय आरोप गठित कर चुका है। इस तरह AK-47 बरामदगी मामले में चल रहे सत्रवाद संख्या 294/21 में न्यायालय में 20 लोगों को अभियुक्त बनाया गया था। जिसमें से 19 अभियुक्तों पर आरोप गठित हो चुका है, जबकि 01 अभियुक्त पवन मंडल फरार चल रहा है। अब कोर्ट में गवाही की प्रक्रिया शुरू होगी।

जमालपुर में 29 मार्च 2018 को मो. इमरान को 3 AK-47 के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने AK-47 बरामद करते हुए कई उपकरण बरामद किया था। इस मामले में जमालपुर थाना कांड संख्या 258/18 में 5 नामजद अभियुक्त बनाए गए। अनुसंधान के दौरान 20 अप्राथमिक अभियुक्त बनाए गए। कुल 25 अभियुक्तों में से 20 को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस संबंध में न्यायालय में चल रहे सत्र वाद संख्या 294/21 में मुंगेर जेल में बंद 9 अभियुक्तों पर पूर्व में ही आरोप गठित हो चुका है। AK-47 में एनआईए के अलावा जिले के थानों में 8 FIR दर्ज हो चुका है। 3 दर्जन से अधिक की गिरफ्तारी भी हुई है।

Share This Article