NEWS PR डेस्क : मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्णमासी राम जी एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे 1990 से लगातार पांच बार तक बगहा के विधायक रह चुके थे। वे गोपालगंज लोकसभा सीट से सासंद भी रहे थे। वे मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
पूर्णमासी राम जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bihar Former Minister: पूर्व मंत्री, बगहा विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक और गोपालगंज के पूर्व सांसद रहे पूर्णमासी राम को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार बगहा दो प्रखंड के नरैनाघाट स्थित श्मशान घाट पर संपन्न हुआ।
अंतिम संस्कार के दौरान डीडीसी, एसडीएम, एसडीपीओ, बीडीओ सहित पुलिस बल के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रशासनिक सम्मान की सभी औपचारिकताएं निभाई गईं।
मुखाग्नि उनके द्वितीय पुत्र एवं पूर्व चेयरमैन अजय राम ने दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए थे । हर आंख में नम थी और पूरे इलाके में शोक का माहौल था।
गौरतलब है कि बुधवार की शाम पटना स्थित रुबन अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। वे बेडसोर, न्यूरो संबंधी समस्या और मधुमेह जैसी बीमारियों से ग्रसित थे तथा पिछले करीब चार महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे।
देर रात उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास नरईपुर लाया गया, जहां गुरुवार सुबह से ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सम्मान और शोक के प्रतीक के रूप में मार्केट की दुकानें भी बंद रहीं। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का वातावरण रहा।