NEWS PR डेस्क: पटना, 16 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना समाहरणालय भवन का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर के विभिन्न कार्यालयों और सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने समाहरणालय भवन के पांचवें तल पर स्थित मीटिंग हॉल, उप विकास आयुक्त-सह-जिला परिषद कार्यालय तथा अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) के कार्यालय का मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने समाहरणालय भवन के सभी तलों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टेरियट घाट से सभ्यता द्वार तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान सुविधा मिलेगी और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को भी लाभ होगा। साथ ही कलेक्टेरियट घाट की भव्यता में भी वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने समाहरणालय परिसर में बन रहे वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने डबल डेकर पुल का निरीक्षण करते हुए बचे हुए कार्यों को जल्द समाप्त करने का निर्देश दिया और पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना को तेजी से पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से मेट्रो कनेक्टिविटी और बेहतर हो सकेगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में निश्चय यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने पुराने पटना समाहरणालय परिसर के जर्जर भवनों का निरीक्षण किया था। भवनों की खराब स्थिति को देखते हुए पुराने ढांचे को हटाकर नए समाहरणालय भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया था। गंगा नदी के किनारे स्थित पुराने परिसर में ही लगभग 6.32 एकड़ क्षेत्र में नया समाहरणालय भवन बनाया गया है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 28,388 वर्गमीटर है।
नए समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी कार्यालय के साथ-साथ जिला परिषद कार्यालय-सह-जिला विकास भवन तथा अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) का कार्यालय भी बनाया गया है। भवन निर्माण में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है और परिसर में जल ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा 40 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। इसके अलावा 204 चार पहिया वाहनों के लिए खुली पार्किंग और बेसमेंट में 240 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
परिसर में पुराने समाहरणालय भवन की विरासत को संरक्षित रखने के लिए उसके मुख्य स्तंभों को एक ओर सुरक्षित प्रदर्शित किया गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।