पटना में दबंगों की भिड़ंत: अनंत सिंह खेमे के समर्थक पर हमला, सूरजभान सिंह के करीबी पर आरोप

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में रविवार को राजनीतिक रंजिश से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एनएच-31 स्थित पंडारक बाजार में बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक सुबीर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या की कोशिश की।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इसे विधानसभा चुनाव के दौरान शुरू हुई राजनीतिक दुश्मनी से जोड़कर देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुबीर सिंह का परिवार लंबे समय से अनंत सिंह का समर्थक रहा है, जिस कारण वे विरोधियों के निशाने पर थे।

क्या है पूरा मामला?

परिजनों के अनुसार चुनाव के समय से ही सुबीर सिंह की कुछ लोगों से अनबन चल रही थी। घायल सुबीर सिंह के भाई अमित कुमार ने बताया कि उनका परिवार खुलकर अनंत सिंह का समर्थन करता रहा है, जिससे विरोधी खेमे के लोग नाराज थे। उनका आरोप है कि हमलावर पहले से मौके की तलाश में थे और रविवार को मौका मिलते ही हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल सुबीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस क्या कह रही है?

पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने सूरजभान सिंह के रिश्तेदारों पर हमला कराने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है। शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुराना विवाद बना वजह?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दौरान सुबीर सिंह पर वाहन तोड़फोड़ का एक मामला दर्ज हुआ था। आशंका है कि उसी विवाद की पृष्ठभूमि में यह हमला हुआ है।

घटना के बाद पंडारक बाजार और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Share This Article