भागलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में सौंपा ज्ञापन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भागलपुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय गेट पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस व्यवस्था करना तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेना शामिल है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भागलपुर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article