पीरपैंती प्रखंड में अडानी पावर प्लांट को लेकर बढ़ा विवाद, आदिवासी समाज ने लगाए धमकी के आरोप

जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप, आदिवासी समाज ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

Rashmi Tiwari

भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में निर्माणाधीन अडानी पावर थर्मल पावर प्लांट को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब इस मामले में आदिवासी समाज के लोगों ने प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

आदिवासी समाज के लोगों का आरोप है कि पीरपैंती प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी और शेरमारी सिमानपुर पंचायत के सरपंच वरुण गोस्वामी द्वारा उन्हें धमकाया गया। एक महिला ग्रामीण ने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से उन्हें यह कहा गया कि “रहना है तो इसी घर में रहो, नहीं तो जहां जाना है चले जाओ।”

ग्रामीणों का कहना है कि जिन जनप्रतिनिधियों से जनता को सुरक्षा और सहयोग की उम्मीद होती है, अगर वही दबाव और धमकी की भाषा बोलने लगें तो आम लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। आदिवासी समाज के लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इस विवाद को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article