पटना: चर्चित रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन-2’ जीतने के बाद शहजाद पूनावाला और तेज प्रताप यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। शो में वोट चोरी के आरोप लगाए जाने से नाराज शहजाद पूनावाला ने तेज प्रताप यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेज प्रताप को राजनीति का जोकर बताते हुए उनके परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।


दरअसल, रियलिटी शो में हिस्सा ले चुके तेज प्रताप यादव ने शहजाद पूनावाला की जीत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि शो में भी वोट चोरी हुई है। उन्होंने दावा किया था कि असल में गौतम गुलाटी को विजेता बनना चाहिए था। हालांकि, बाद में तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से अपना पोस्ट डिलीट कर दिया।
तेज प्रताप के इस बयान पर अब शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह तेज प्रताप को अपना भाई और मित्र समझते थे, लेकिन उनके द्वारा जीत को वोट चोरी बताना गलत है। पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीति में कोई शेर होता है, कोई हुकुम का इक्का और तेज प्रताप जैसे लोग राजनीति के जोकर कहे जाते हैं।
परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
शहजाद पूनावाला ने तेज प्रताप यादव को सलाह देते हुए उनके परिवार पर चारा चोरी, जमीन चोरी और नौकरी चोरी जैसे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिनके परिवार के सदस्यों पर ऐसे मामलों में दोषी ठहराए जाने की बात सामने आई है, उन्हें चोरी को लेकर सवाल उठाने से पहले अपने परिवार के इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।इतना ही नहीं, पूनावाला ने तेज प्रताप की शिक्षा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर तेज प्रताप ने शो के नियमों को ठीक से समझा होता, तो वह इस तरह के आरोप नहीं लगाते। उन्होंने शो के पिछले सीजन के फॉर्मेट का हवाला देते हुए कहा कि फाइनलिस्ट रूलर्स एक-दूसरे को वोट करते हैं।
बाढ़ पीड़ितों को दान की इनामी राशि
वहीं, शहजाद पूनावाला ने अपनी जीत के बाद मिले इनाम की राशि बिहार और असम के बाढ़ पीड़ितों को दान करने की बात भी कही। उन्होंने तेज प्रताप पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उनकी जीत पर खुश होना चाहिए, क्योंकि इस राशि से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी।पूनावाला ने तंज कसते हुए तेज प्रताप और उनके परिवार से बिहार की जनता के लिए भी कुछ करने की अपील की। फिलहाल, राइज एंड फॉल सीजन-2 की जीत को लेकर शुरू हुआ यह विवाद राजनीतिक गलियारों और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।