बिहार: रंगदारी नहीं देने पर अपराधी ने पेट्रोल डाल कर JCB को फूंक दिया, पुल निर्माण कार्य के दौरान घटना, बाइक से पहुंचे थे दो अपराधी

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। खबर गया के नक्सल प्रभावित इलाका बांकेबाजार प्रखंड अंतर्गत रोशनगंज थाना की है। जहां आपराधिक तत्वों द्वारा बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। रंगदारी की मांग पूरी नहीं किए जाने पर एक जेसीबी वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक रोशनगंज थाना के सगडीहा गांव में पुल निर्माण का काम चल रहा था। पुल निर्माण के काम में विभिन्न वाहनों के अलावे जेसीबी मशीन भी लगाए गए थे। इसी बीच रविवार की देर संध्या को बाइक से आधा दर्जन की संख्या में अपराधिक तत्व पहुंचे। इसके बाद अपराधियों ने जेसीबी को निशाना बनाया और उसमें पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।

पुल निर्माण कार्य में लगी जेसीबी में आग लगाने के बाद अपराधिक तत्व बाइक से ही मौके से भाग निकलने में सफल रहे। वहीं इस तरह की घटना की जानकारी फैली तो लोगों में दहशत व्याप्त हो गया। इसके बाद घटना की जानकारी रोशनगंज थाना की पुलिस को दी गई. यह घटना सगडीहा गांव में पड़रा नदी के समीप का बताया जाता है।

इस तरह की घटना की जानकारी के बाद रोशनगंज थाना की पुलिस स्थल पर पहुंची। सगडीहा गांव में पहुंचने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई थी। हालांकि पुलिस का मानना है कि यह घटना मामूली विवाद के कारण की गई है। किंतु सूत्रों की माने तो रंगदारी की मांग को लेकर इस तरह की घटना को अपराधियों के गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है। पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं।

इस तरह की घटनाएं नक्सलियों और अपराधिक तत्वों द्वारा की जाती रही है। इस तरह की घटना करने के बाद नक्सली आमतौर पर पर्चा छोड़ते हैं। किंतु इस घटना में कोई पर्चा नहीं मिला है। ऐसे में यह घटना अपराधियों के गिरोह द्वारा ही अंजाम दी गई। ऐसा कहा जा रहा है। फिलहाल पुलिस घटना में संलिप्त तत्वों को चिन्हित करने में जुट गई है।

इस संबंध में रोशनगंज थाना के थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एक जेसीबी को जलाया गया है, जो पुल निर्माण के कार्य में लगी थी। घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और जेसीबी जलाने की घटना में संलिप्त तत्वों को चिन्हित करने का प्रयास तेज कर दिया गया है। यह घटना किस अपराधिक गिरोह के द्वारा की गई है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह छोटे-मोटे विवाद के कारण भी किया जा सकता है. फिलहाल पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।

गया से मनोज की रिपोर्ट

Share This Article