पिपरासी की दलित बस्ती में घुसा मगरमच्छ, देर रात मचा हड़कंप; पुलिस और ग्रामीणों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Shreya Raj
रस्सियों से बंधा मगरमच्छ, ग्रामीणों की जुटी भीड़ के बीच हुआ सुरक्षित रेस्क्यू।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पिपरासी थाना क्षेत्र के मनियां छापर स्थित दलित बस्ती में देर रात गंडक नदी से निकलकर एक मगरमच्छ पहुंच गया। मगरमच्छ को बस्ती में देखकर ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई हालांकि, समय रहते ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई, जिससे बड़ी घटना टल गई।

घर के पास घूम रहा था मगरमच्छ, ग्रामीण ने देखा

जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ गंडक नदी से निकलकर मनियां छापर दलित बस्ती में पहुंचा और ग्रामीण ईश्वर चंद्र भारती के घर के पास घूम रहा था। इसी दौरान ईश्वर चंद्र भारती की नजर मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखते ही उन्होंने शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

मगरमच्छ के बस्ती में पहुंचने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग काफी डरे हुए थे और अपने घरों से बाहर निकलकर स्थिति पर नजर रखने लगे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू के दौरान पुलिस और ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ को काबू में लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से वहां से हटाया गया।

ग्रामीणों की सक्रियता से टली बड़ी घटना

ग्रामीणों की सक्रियता और समय रहते मगरमच्छ पर नजर पड़ जाने से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। अगर मगरमच्छ पर समय रहते नजर नहीं पड़ती तो वह बस्ती में किसी व्यक्ति या मवेशी को नुकसान पहुंचा सकता था।

गंडक नदी के आसपास बसे इलाकों में इस तरह मगरमच्छ के पहुंचने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। देर रात हुई इस घटना के बाद मनियां छापर दलित बस्ती के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article