मुंगेर में ढाई साल से इंसाफ के लिए भटक रहा साइबर ठगी पीड़ित, पड़ोसी ने ही उड़ाये थे खाते से लाखों रुपए

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मुंगेर में पिछले ढाई साल से इंसाफ के लिए एक युवक भटक रहा है। पड़ोसी के द्वारा साइबर क्राइम कर अकाउंट से पैसे की निकासी मामले में अक्षय चक्कर लगा रहा है। इस मामले में एफआईआर होने के बाद भी पुलिस कार्रवाई में स्थिलता बरत रही है। अक्षय अबतक कई अधिकारियों के दरवाजे के चक्कर काट चुका है। उसका कहना है कि न्याय नहीं मिला तो वो आत्मदाह कर लेगा।

दरअसल, पूरा मामला मुंगेर जिला अंतर्गत हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रथैता निवासी अक्षय कुमार का है। जो वर्ष 2020 के लॉकडाउन में दिल्ली से वापस अपने गांव आया था। जब यहां उसके पैसे खत्म हो गए तो उसने अपने जमीन को बेच 2 लाख 80 हजार रुपए बैंक में जमा करवाया। एक दिन अपने मोबाइल को बगल के चंदन कुमार चंचल के यहां चार्ज करने के लिए लगाया। जहां चंदन कुमार चंचल ने उसके मोबाइल से 2 लाख 20 हजार अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर दिया। जिसका खुलासा बैंक डिटेल निकालने के बाद हुआ।  जिसके बाद हवेली खड़गपुर थाना में 05/05/2021 को चंदन कुमार चंचल सहित 4 के खिलाफ 420 का केस दर्ज किया गया। लेकिन अब तक पुलिस इस मामले में अपना अनुसंधान ही पूरा नहीं कर पाई और ना ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई ही कर पाई है। सिर्फ एक व्यक्ति जिसके एकाउंट पर 40 हजार रुपए भेजे गए थे उसने पंचायत के सरपंच के सामने वापस किया। पुलिस विभाग की ओर से अक्षय को कोई न्याय नहीं मिला  और ना ही पैसे। पीड़ित अक्षय ने बताया की  दो दिन पूर्व एसपी ने इस मामले में थाने को कई निर्देश दे कार्रवाई करने के आदेश दिए। अगर अब भी उसे न्याय नहीं मिलता है तो वह अपने साथ हमेशा पेट्रोल लेकर चलता है वह आत्मदाह कर लेगा।

मुंगेर से मो.इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article