आरा में डांसर और सिंगर को मार दी गोली, स्टेज पर नाचने को लेकर हुआ झगड़ा… फिर फायरिंग

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार के भोजपुर में एक डांसर और सिंगर को हथियारबंद युवकों ने गोली मार दी। मामला संदेश थाना इलाके के जनईडीह गांव के पास की है। जब मंगलवार देर रात बदमाशों ने बर्थडे पार्टी से लौट रही डांसर और गायक को गोली मार दी। गायक को दाहिने पैर में जांघ पर और डांसर को दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर ट्रीटमेंट के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार घायल डांसर ओडिशा के भुवनेश्वर निवासी नीनू बेहरा है। गायक पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी मुकेश यादव हैं। इधर, डांसर नीनू बेहरा ने बताया कि वह संदेश थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में पंचायत समिति सदस्य के बेटे के बर्थडे पार्टी में आई थीं। उन्हें डांस के लिए और उनके साथी मुकेश यादव को गाना गाने के लिए बुलाया गया था।

गोलीबारी में घायल डांसर ने बताया कि इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग शराब के नशे में हाथ में हथियार लिए हुए स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे। बार-बार उन्हें नीचे बुला कर डांस करने के लिए कहा जा रहा था। जिसको लेकर आरोपी ने विरोध किया। फिर ऐसा लगा कि बात वहीं पर खत्म भी हो गई। इसके बाद दोनों बर्थडे पार्टी समारोह समाप्त होने के बाद वापस संदेश लौट रहे थे। उसी दौरान जनईडीह गांव के पास हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया और उन्होंने उन पर फायरिंग कर दी।

इस फायरिंग में सिंगर-डांसर दोनों को गोली लगी है। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्होंने तुरंत ही उन लोगों को फोन किया जिन्होंने बर्थडे पार्टी के बुलाया था। उन्हें जैसे ही घटना की सूचना मिली वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। हथियारबंद बदमाशों ने गोली क्यों मारी इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Share This Article