राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर परिचर्चा: स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार – श्रवण कुमार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार को एक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस परिचर्चा का विषय “पत्रकारिता : लोकरप्रियतावादी या जिम्मेदारी” रखा गया था। इसमें ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। समाज में पत्रकारिता की भूमिका बेहद अहम है। सिर्फ समाचार देना ही काम नहीं है। बल्कि, जन मानस खासकर समाज के सबसे नीचले तबके की समस्या को सामने लाने का भी दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों को प्रसारित या साझा करने से बचने की जरूरत है। विश्वसनीयता और जनहित के मूल सिद्धांतों से कभी पत्रकारिता को समझौता नहीं करनी चाहिए। किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का सम्मान होना चाहिए। समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट हो।
मंत्री ने कहा कि बिहार में पत्रकारिता की एक समृद्ध परंपरा रही है। सोशल मीडिया के इस जमाने में आम नागरिकों का भी यह दायित्व है कि किसी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच-पड़ताल कर लें। स्वतंत्रता के साथ विश्वसनीयता भी जरूरी है। लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए गलत और भ्रामक तथ्यों की मदद नहीं ली जानी चाहिए। सही और तथ्यपरक जानकारी के साथ खबरों को प्रचारित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में अहम योगदान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को याद करना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महिला सशक्तीकरण से लेकर आम लोगों की जरूरतों के साथ ही उनके जीवन को आसान बनाने के लिए तमाम काम किए। छात्राओं को स्कूलों तक लाने के लिए साइकिल एवं पोशाक जैसी योजनाएं लाईं। 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बन गया था, जहां घर-घर तक बिजली पहुंचा दी गई। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में 50 फीसदी आरक्षण देने से शुरुआत की गई। इसके बाद सरकारी नौकरी समेत तमाम जरूरी स्थानों पर उचित प्रतिशत में आरक्षण उपलब्ध कराया। आज जीविका समुहों से करोड़ों महिलाओं एवं परिवारों को जोड़ा। 13 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) बनाए गए और 1.85 करोड़ परिवार जोड़े गए हैं।
उन्होंने कहा कि 1.85 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये और 1 लाख महिलाओं को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं। बिहार के 97-98 प्रतिशत घरों में घर का नल जल पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री ने इसका उल्लेख किया और इसके आधार पर केंद्र में योजना बनाई गई। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किया गया जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम के अंतर्गत सूबे में ग्रामीण विकास विभाग और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने संयुक्त रूप से 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं। इस कार्यक्रम के पक्ष में 5 करोड़ लोगों ने 18 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाई थी।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग, विधि-व्यवस्था समेत अन्य सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह उल्लेखनीय कार्य है। 30 दिनों जनता का काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई भी हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। नए टॉउनशिप, उद्योगों में निवेश समेत कई उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। नीतीश कुमार की मजबूत नींव को आगे बढ़ाने का काम सम्राट चौधरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया को स्वस्थ्य आलोचना करना चाहिए, लेकिन वास्तविक तथ्यों और विकासात्मक कार्यों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में 123 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना से भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है। आने वाले दिन में पत्रकारों के कल्याण एवं सुविधा के लिए और भी कार्य किए जाएंगे।
इस मौके पर विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का भी यह माध्यम है। पिछले कुछ समय से प्रेस का प्रारूप तेजी से बदला है। पहले अखबार ज्यादा पढ़े जाते थे, अब सोशल मीडिया ज्यादा देखे जा रहे हैं। इसके अनुसार सामाग्री में भी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि बिहार की छवि में बदलाव आया है। अब विकासात्मक छवि बनी है, इन बातों का खासतौर से उल्लेख करते हुए सरकार के अच्छे कार्यों को अधिक से अधिक संख्या में खबरों में लाना चाहिए। बिहार आज किसी राज्य से पीछे नहीं, बल्कि कई राज्यों से कई स्तर पर काफी आगे है।
परिचर्चा में शामिल होते हुए टाईम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि जवाबदेह पत्रकारिता को नियंत्रित करे की आवश्यकता है। खासकर सोशल मीडिया को नियंत्रित करना चाहिए। आज एआई जैसी अन्य आधुनिक तकनीकों के युग में कई खबरें काफी भ्रामक होती हैं। इन्हें नियंत्रित करना चाहिए। सूचना को सही तरीके से आगे बढ़ाने के साथ ही तथ्य और आंकड़ों को साक्षा करने की जरूरत है। ताकि सही तरीके से खबरें प्रसारित हो सकें।
जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन इसमें दायित्व और अधिकार सामने आने चाहिए। पत्रकारों को अपने अधिकार का प्रयोग सावधानी से करना चाहिए। कशिस चैनल के संजय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता पेशा नहीं, समाज के प्रति दायित्व है। कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक के बदलते परिवेश के कारण पत्रकारिता के स्वरूप में भी बदलाव आया है। सनसनीखेज बनाना पत्रकारिता नहीं है।
इस कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक, पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के शुरुआत में संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और संयुक्त निदेशक नागेंद्र गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे। संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा और धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने किया।

Share This Article