पटना के बिक्रम में हाजमोला को लेकर विवाद, कैंची से हमले में वार्ड सदस्य की मौत,जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Tiwari

बिहार की राजधानी पटना के बिक्रम इलाके में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। जमालपुर गांव में किराना दुकान चलाने वाले वार्ड सदस्य करीमन साव पर कथित तौर पर कैंची से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल करीमन साव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है।

हाजमोला देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे एक व्यक्ति सामान खरीदने के लिए करीमन साव की किराना दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान हाजमोला देने को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ग्राहक ने करीमन साव पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में करीमन साव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कथित आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के साथ स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, हाजमोला को लेकर शुरू हुआ विवाद किस वजह से इतना बढ़ गया और हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पंचायत के वार्ड सदस्य थे करीमन साव
मृतक करीमन साव किराना दुकानदार होने के साथ-साथ अख्तियारपुर मंझौली पंचायत के वार्ड संख्या 11 के सदस्य भी थे। जमालपुर गांव में देर रात हुई इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
पालीगंज के डीएसपी पंकज कुमार शर्मा के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल, इस घटना में हाजमोला को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन विवाद की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article