पटना सिटी में विकास कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना: जिलाधिकारी, पटना ने आज पटना सिटी अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर चल रही विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अभियंताओं और संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान पटना सिटी के निवासियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों तथा सिख श्रद्धालुओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई थीं। इन घोषणाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है और आज उन्हीं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

भद्र घाट से दीदारगंज तक नई फोरलेन सड़क

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भद्र घाट से दीदारगंज तक निर्माणाधीन नई सड़क का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बीएसआरडीसीएल द्वारा लगभग 8 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। यह सड़क जेपी गंगा पथ के समानांतर बनेगी, जिससे यात्रा सुगम होगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

इस परियोजना से पटना सिटी, मारूफगंज मंडी तथा अन्य क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा और अशोक राजपथ पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही पथ निर्माण विभाग द्वारा गायघाट–कंगन घाट–दीदारगंज तक पुराने गंगा पथ के चौड़ीकरण एवं चार-लेन निर्माण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

यातायात प्रबंधन और कनेक्टिविटी में सुधार

जिलाधिकारी ने कहा कि अशोक राजपथ-पटना सिटी क्षेत्र में सुगम यातायात प्रबंधन के लिए कई पहल की गई हैं। कारगिल चौक से पटना यूनिवर्सिटी तक बने डबल-डेकर फ्लाईओवर से आमजन को काफी सुविधा मिल रही है।

कृष्णा घाट पर संपर्क पथ का निर्माण कर जेपी गंगापथ को अशोक राजपथ से जोड़ा गया है। इससे पटना विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, मरीजों और चिकित्सकों को आवागमन में सहूलियत मिल रही है।

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीएमसीएच को जेपी गंगापथ से जोड़ा गया है और अशोक राजपथ से डबल-डेकर फ्लाईओवर के माध्यम से भी इसकी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है। बीएमएसआईसीएल द्वारा निर्मित तीन मल्टी लेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी) के माध्यम से पीएमसीएच को तीन स्थानों पर डबल-डेकर फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा, जिससे रोगियों, परिजनों और चिकित्सकों को बड़ी राहत मिलेगी।

अतिक्रमण उन्मूलन और सुदृढ़ अनुश्रवण

जिलाधिकारी ने बताया कि जनहित में नियमित रूप से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुदृढ़ अनुश्रवण प्रणाली विकसित की गई है और उनके स्तर से नियमित समीक्षा की जाती है। पदाधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने दोहराया कि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र प्रतिबद्ध एवं तत्पर है।

Share This Article