रामनवमी को लेकर DM और SSP ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक व दिए निर्देश, अव्यवस्था फैलाने वालों पर रहेगी नजर

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना में शनिवार को जिला अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान SSP मानवजीत सिंह ढिल्लो भी मौजूद रहे। डीएम ने रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा के अवसर विधी व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। डीएम ने वीर कुंवर सिंह पार्क में दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि पूजा के अवसर पर विधि- व्यवस्था का प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी इसका पालन करें। लगभग 324 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके साथ सशस्त्र बल एवं लाठी बल को भी लगाया गया है। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी की समुचित व्यवस्था की गई है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं यातायात नियंत्रण और पार्किंग का उचित प्रबंध किया गया है। डीएम डॉ सिंह ने संवेदनशील स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बरतने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि आपसी समन्वय के द्वारा किसी भी कार्य को बखूबी निभाया जा सकता है। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को सतत क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।

बता दें कि राज्य में 10 अप्रैल को रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं चैती दूर्गा पूजा का मूर्ति विसर्न 11 अप्रैल को किया जाएगा। आज के इस ब्रीफिंग में अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य अंबरीष राहुल ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला के सभी वरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

 

डीएम डॉ सिंह ने ब्रीफिंग के बाद महावीर मंदिर एवं वीर कुंवर सिंह पार्क के पास पूजा की तैयारी के लिए बने नियंत्रण कक्ष, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिया। डीएम डॉ. सिंह और ssp ढिल्लो ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विधि-व्यवस्था संधारण एवं भीड़-प्रबंधन हेतु सभी तरह की प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर के पास बने ‘मे आई हेल्प यू’ में क्यूआरटी एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष में  क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पर्याप्त संख्या में स्ट्राइकिंग फोर्स की व्यवस्था की गई है। अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किया गया है। वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष (0612 2219810, 0612 2219234) पर कभी भी संपर्क किया जा सकता है। अधिकारीद्वय ने कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं प्रेम का प्रतीक है। हम सभी इस त्योहार को शांतिपूर्वक एवं आपसी बंधुत्व की भावना से मनाएं।

Share This Article