दहेज प्रताड़ना या आत्महत्या? चार माह की गर्भवती काजल की मौत से सनसनी

चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या या आत्महत्या? आरोपों से गरमाया भागलपुर

Rashmi Tiwari

भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतोड़िया गांव निवासी काजल कुमारी की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच गंभीर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मृतका के पिता पूरन मंडल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है।

पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मृतका के पिता पूरन मंडल का आरोप है कि उनकी बेटी काजल कुमारी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद राहुल कुमार, सास उषा देवी, ननद पूजा कुमारी, उसके पति संदीप कुमार और गांव के ही पिंटू मंडल मिलकर काजल के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे।पूरन मंडल ने दावा किया कि उनकी समधिन उषा देवी अक्सर काजल को जान से मारने की धमकी देती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले भी बेटी के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अवैध संबंध का भी लगाया आरोप

पूरन मंडल ने अपनी शिकायत में सास उषा देवी और गांव के पिंटू मंडल के बीच अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि काजल ने दोनों को कई बार घर के अंदर देखा था, जिसके बाद उसे धमकियां दी जाने लगीं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक बार दामाद राहुल कुमार और उसके कुछ दोस्तों ने देसी कट्टा लेकर उनका पीछा किया था, जिससे बचने के लिए उन्हें नाथनगर थाना में शरण लेनी पड़ी थी।मृतका के पिता के अनुसार काजल चार माह की गर्भवती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार के दौरान ससुराल पक्ष जबरन उनके नाती आदित्य राज को अपने साथ ले गया। पूरन मंडल ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है।

ससुराल पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

इधर, मृतका के पति राहुल Kumar और सास उषा देवी ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही काजल का व्यवहार सामान्य नहीं था।ससुराल पक्ष का दावा है कि काजल अक्सर किसी युवक से वीडियो कॉल पर बात करती थी और नाथनगर बाजार जाने के बहाने उससे मिलने जाती थी। राहुल कुमार के अनुसार जब उन्होंने काजल को ऐसा करने से रोका, तो संबंधित युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।परिवार का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने काजल के पिता को भी जानकारी दी थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। ससुराल पक्ष ने दावा किया कि काजल ने खुद आत्महत्या की है।

क्या बोले थानाध्यक्ष?

मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि पूर्व में भी एक आवेदन मिला था, जिसकी जांच पुलिस ने की थी। उस समय काजल ने खुद कहा था कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और कोई केस नहीं करना चाहती।थानाध्यक्ष ने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article