NEWS PR डेस्क: पटना, 30 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफे के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इसी क्रम में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने इस फैसले पर भावनात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
डॉ. सुमन ने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार के साथ सदन में सदस्य रहने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। साथ ही, मंत्रीमंडल में उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से उन्हें निरंतर सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का सान्निध्य कई जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय उनके लोकतांत्रिक मूल्यों, मर्यादा और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। नीतीश कुमार के अनुभव, दूरदर्शिता और नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन आगे भी बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
डॉ. संतोष सुमन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल एक पद का बदलाव है, लेकिन नीतीश कुमार का नेतृत्व और योगदान राज्य की प्रगति के लिए पहले की तरह ही अहम बना रहेगा।