NEWS PR डेस्क: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला में बुधवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे ग्रामीणों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। जिले के सेंधवा और आसपास के इलाकों में दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर जमीन में कंपन महसूस हुआ।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। करीब दो मिनट तक हल्का कंपन जारी रहा, जिसके चलते लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने बताया कि झटकों के दौरान घरों में रखे बर्तन, फर्नीचर और पंखे तक हिलने लगे थे।
भूकंप की पुष्टि National Center for Seismology और इंदिरा सागर पावर स्टेशन की भूकंप वेधशाला द्वारा भी की गई है। जिला मुख्यालय स्थित भूकंप केंद्र में लगे सिस्मोमीटर में भी इसी तीव्रता का कंपन दर्ज हुआ।
भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने बताया कि माइक्रोअर्थक्विक (MEQ) मशीन 24 घंटे सक्रिय रहती है और 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में जमीनी हलचलों को रिकॉर्ड करती है। उन्होंने बताया कि नर्मदा नगर (पुनासा, खंडवा) केंद्र से प्रतिदिन रिपोर्ट जारी होती है, जिसमें बुधवार को अंजड़ क्षेत्र में यह हलचल दर्ज की गई।
इस घटना के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कलेक्टर जयंती सिंह \ ने बताया कि फिलहाल जिले में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।