NEWS PR डेस्क : मध्य प्रदेश: घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गई। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा स्थित गायत्री नगर में शुक्रवार दोपहर 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से छतरपुर के निवासी 65 वर्षीय प्रभु लाल गुप्ता की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ बिजली कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रभु लाल गुप्ता पिछले करीब दस वर्षों से गंजबासौदा में किराए के मकान में रह रहे थे। वे मिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
तीसरी मंजिल के छज्जे पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 के गायत्री नगर निवासी प्रभु लाल गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। इसी दौरान वे पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुटका थूकते समय यह हादसा हुआ, जिससे उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में बुजुर्ग की जान चली गई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घरों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए बिजली कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।वार्ड पार्षद मनीष विश्वकर्मा ने बिजली लाइनों और उपकरणों के नियमित रखरखाव पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग से जांच और जरूरी सुधार कराने की मांग की।
घर की तीसरी मंजिल पर खड़े बुजुर्ग की हाईटेंशन तार से झुलसकर मौत, बिजली कंपनी पर उठे सवाल