NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जून। समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, पुनर्वास, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
समीक्षा बैठक में मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, महिला हेल्पलाइन-181, वन स्टॉप सेंटर (सखी), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कार्यकारी महिला छात्रावास तथा कौशल विकास कार्यक्रमों सहित निगम की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके बाद मंत्री ने निगम भवन का भ्रमण कर महिला हेल्पलाइन-181 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के संचालन का जायजा लिया। उन्होंने शिकायत निवारण व्यवस्था और महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संकटग्रस्त महिलाओं और बच्चों को त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा हेल्पलाइन सेवाओं की पहुंच राज्य के हर जिले और पंचायत स्तर तक मजबूत की जाए।

डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
बैठक में अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग एच.आर. श्रीनिवास, महिला एवं बाल विकास निगम के प्रबंध निदेशक धर्मेन्द्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
