महिलाओं के सशक्तिकरण से ही विकसित समाज की परिकल्पना संभव: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पोशाक, साइकिल और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से लड़कियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय खोले गए हैं, जिससे मैट्रिक की परीक्षा में लड़कियों की संख्या लड़कों से अधिक हो गई है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति में भी 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। पुलिस बल में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने के कारण बिहार पुलिस में महिलाओं की भागीदारी देश में सबसे अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006 में स्वयं सहायता समूहों के गठन की शुरुआत की गई थी, जिसे “जीविका” नाम दिया गया। आज इन समूहों की संख्या 11 लाख से अधिक हो चुकी है और करोड़ों महिलाएं इससे जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास और आत्मसम्मान बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि “सात निश्चय-2” के तहत महिलाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के माध्यम से महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाज सुधार अभियान के माध्यम से बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अंत में उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास और प्रगति के बिना विकसित और समृद्ध समाज की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।

Share This Article