बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: सदर अस्पताल बनेगा हाईटेक हब लैब,घर बैठे मिलेगी जांच रिपोर्ट

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 12 अप्रैल। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के मरीजों को पैथोलॉजी जांच के लिए निजी लैब पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सदर अस्पताल को अत्याधुनिक ‘हब लैब’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे जांच व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और सुलभ बनाया जाएगा।

जिलाधिकारी Subrat Kumar Sen के नेतृत्व में इस योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है। ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल के तहत सदर अस्पताल मुख्य केंद्र होगा, जबकि अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इससे जुड़े रहेंगे।

गांव में सैंपल, शहर में जांच

नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही सैंपल दे सकेंगे। इन नमूनों को विशेष कोल्ड-चेन व्यवस्था के माध्यम से सदर अस्पताल की हब लैब तक पहुंचाया जाएगा। इससे मरीजों को शहर आने की परेशानी और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।

अत्याधुनिक मशीनों से लैस होगी लैब

सदर अस्पताल में स्थापित होने वाली हब लैब में कई आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी, जिनसे बायोकेमिस्ट्री, हेमेटोलॉजी और अन्य महत्वपूर्ण जांचें सटीक तरीके से की जा सकेंगी। खास बात यह है कि ये सभी जांचें मरीजों को नि:शुल्क उपलब्ध होंगी।

घर बैठे मिलेगी जांच रिपोर्ट

डिजिटल सुविधा के तहत जांच रिपोर्ट तय समय सीमा में तैयार कर मरीजों के मोबाइल पर सूचना भेजी जाएगी। मरीज ‘भव्या’ पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे अपनी रिपोर्ट डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए ओटीपी आधारित सुरक्षित प्रणाली लागू की गई है।

समयबद्ध और 24×7 सेवा

सदर अस्पताल में सैंपल मिलने के 12 घंटे के भीतर और प्रखंड स्तर पर 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। हब लैब 24 घंटे कार्यरत रहेगी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी।

गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

रिपोर्ट की सटीकता बनाए रखने के लिए समय-समय पर बाहरी एनएबीएल मान्यता प्राप्त लैब से जांच कराई जाएगी। साथ ही मशीनों का नियमित मेंटेनेंस और अंशांकन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

किट और केमिकल की कमी दूर

हाल के दिनों में जांच प्रभावित होने की वजह बनी किट और केमिकल की कमी को भी दूर कर दिया गया है। सिविल सर्जन Dr. Sudhir Kumar ने बताया कि सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं और रुकी हुई जांचें फिर से शुरू हो चुकी हैं।

इस पहल से मुजफ्फरपुर के लाखों लोगों को समय पर, सस्ती और भरोसेमंद जांच सुविधा मिल सकेगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share This Article