NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 50 प्रतिशत से अधिक पंजीकरण पूरा कर लिया है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार सुबह इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह उपलब्धि तय समय-सीमा से पहले प्राप्त की गई है, जो टीम वर्क और किसानों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
50.3 प्रतिशत नामांकन पूरा
विभागीय आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 85,53,570 Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi लाभार्थियों के विरुद्ध 43,04,548 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री नामांकन संपन्न हो चुका है। यह 50.3 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है। अभियान के दौरान जिलों में विशेष शिविर आयोजित कर राजस्व कर्मियों, अंचल अधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से पंजीकरण कार्य को तेज गति दी गई।
450 करोड़ की प्रोत्साहन राशि मिलेगी
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर केंद्र सरकार से 450 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त प्रोत्साहन राशि के रूप में प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग किसानों के हित में चल रही योजनाओं को और प्रभावी बनाने में किया जाएगा।
जिलों का शानदार प्रदर्शन
फार्मर रजिस्ट्री अभियान में कई जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वैशाली ने 102 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा शिवहर, बेगूसराय, कटिहार और बक्सर जैसे जिलों ने भी लक्ष्य के करीब या उससे अधिक प्रगति दर्ज की है।
पीएम किसान से लिंक्ड पंजीकरण जारी
पीएम किसान से लिंक्ड फार्मर रजिस्ट्री के तहत अब तक 22,51,639 किसानों का नामांकन किया जा चुका है, जो 26.32 प्रतिशत है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शेष किसानों के पंजीकरण पर अब विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शीघ्र ही शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। सरकार का मानना है कि फार्मर रजिस्ट्री पूरी होने से कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सीधे किसानों तक पहुंचाना और आसान हो जाएगा।