आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगी क्षतिपूर्ति, 12 जिलों में 33 प्रतिशत से ज्यादा फसल क्षति का आकलन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 31 मार्च। बिहार में हाल के दिनों में आए आंधी-तूफान, असामयिक बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा है कि फसल क्षति का आकलन पूरा होने के बाद जल्द ही किसानों को क्षतिपूर्ति राशि दी जाएगी।

कृषि विभाग के अनुसार, राज्य के 36 जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर 12 जिलों—सहरसा, मुजफ्फरपुर, अररिया, बेगूसराय, मधुबनी, पूर्णिया, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, दरभंगा, सुपौल और भागलपुर—के 111 प्रखंडों में व्यापक फसल नुकसान की पुष्टि हुई है। इन क्षेत्रों में करीब 2.06 लाख हेक्टेयर में लगी गेहूं, मक्का, दलहन और तेलहन जैसी फसलों को 33 प्रतिशत या उससे अधिक क्षति हुई है।

मंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में तेजी से प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर रही है, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।

राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को मदद देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल क्षतिपूर्ति के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सरकार का मानना है कि आपदा पीड़ितों का सरकारी संसाधनों पर पहला अधिकार है। ऐसे में प्रभावित किसानों को जल्द राहत देकर उन्हें दोबारा खेती के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share This Article