NEWS PR डेस्क : पुनपुन और दरधा नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चंडासी इलाके में बाढ़ का संकट गहरा दिया है। लगातार फैल रहे पानी की चपेट में अब प्रसिद्ध अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर भी आ गया है। मंदिर चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर चुका है, जिसके चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

मंदिर परिसर में मौजूद सैकड़ों हवन कुंड भी पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। बाढ़ का पानी लगातार मंदिर के मुख्य हिस्से की ओर बढ़ रहा है। आसपास के इलाके में जलजमाव के कारण मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते भी प्रभावित हो गए हैं।चंडासी इलाके में बाढ़ का असर सबसे पहले सड़क संपर्क पर पड़ा। पानी के तेज दबाव के चलते कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अर्धनारीश्वर मंदिर अपनी 108 फीट ऊंची विशाल अर्धनारीश्वर प्रतिमा के लिए जाना जाता है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी अर्धनारीश्वर प्रतिमाओं में शामिल बताया जाता है। स्थानीय लोगों की चिंता है कि यदि दोनों नदियों का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो चंडासी समेत आसपास के गांवों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने, आवश्यक संसाधन बढ़ाने और बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।