देव छठ मेले का भव्य उद्घाटन, राजकीय मेले का बजट बढ़ाकर 45 लाख रुपये किया गया

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : बिहार के औरंगाबाद स्थित सूर्यनगरी देव में छठ महापर्व को लेकर आस्था का जनसैलाब उमड़ने लगा है। इसी बीच बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल देव पहुंचे, जहां उन्होंने चार दिवसीय ऐतिहासिक छठ मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की औरंगाबाद का देव सूर्य मंदिर देशभर में अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान रखता है।

यहां छठ महापर्व के अवसर पर चार दिवसीय प्राचीन मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें बिहार सहित दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।


मेले का उद्घाटन करने पहुंचे भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस बार राजकीय छठ मेले का बजट 30 लाख रुपये से बढ़ाकर 45 लाख रुपये कर दिया गया है।


इतना ही नहीं, मेले में आने वाले वाहनों के सैरात शुल्क को भी पूरी तरह माफ कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


देव में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के इस महापर्व को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट: –

Share This Article