बेगूसराय में गार्ड की गोली मारकर हत्या, अररिया में CSP संचालक से 5 लाख की लूट, क्राइम की घटनाओं से दहला बिहार

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना बिहार के कई जिलों से अपराध की घटनाएं सामने आई हैं। साथ ही कटिहार में एक सड़क हादसे की खबर आई है। जहां दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रविवार को बेगूसराय में लूट के दौरान गार्ड को अपराधियों ने गोली मार दी थी। जिसकी पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं दूसरी ओर अररिया में सीएसपी संचालक से लाखों रुपये की लूट की घटना सामने आई है। आइए, एक नजर डालते हैं बिहार की बड़ी घटनाओं पर। सबसे पहले बात कर लेते हैं, एडीजी मुख्यालय में हुए प्रेस कांफ्रेंस की।

एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने मीडिया को बताया कि बिहार पुलिस और केंद्रीय पुलिस बल के ज्वाइंट ऑपरेशन में लखीसराय से 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गया रंगदारी मामले में दिल्ली से गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि सोनपुर में एसटीएफ की हथियारों के साथ लैस यूनिट को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही।

वहीं बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र के कपस्या चौक के नजदीक प्रेम ऑटोमोबाइल्स में दो बाइक सवारों ने हथियार के साथ दुकान में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों का शोर-शराबा सुनकर जैसे ही आसपास के लोग और बगल के शो रूम के गार्ड दौड़े। बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में 55 वर्षीय गार्ड राम सुमरन झा को पेट में एक गोली लग गई। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल गार्ड को इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे प्रथामिक उपचार के बाद इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।

वहीं अररिया-पूर्णिया में एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। फोरलेन पर रामपुर बजरंगबली चौक से आगे पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने सीएसपी संचालक को गोली मार दी। उसके बाद पांच लाख 10 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। गोली लगने के बाद भी सीएसपी संचालक बाइक लेकर भागता रहा। लेकिन बदमाशों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उनसे रुपये लूट लिया। गोली उंसके बायें बांह में लगी है। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद एसडीपीओ पुष्कर कुमार, नगर थानेदार शिव शरण साह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद जांच शुरू कर दी है।

वहीं कटिहार के अमदाबाद प्रखंड में ऑटो- ट्रैक्टर में हुई जबरदस्त टक्कर में दो महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि 10 व्यक्ति घायल हो गए हैं। मामला अमदाबाद थाना क्षेत्र के बेलगच्छी गांव के समीप का है। जहां एक ही परिवार के लगभग 12 लोग मनिहारी के दिलारपुर से अपने रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में बेलगच्छी गांव के समीप महानंदा बांध के मुख्य सड़क पर अज्ञात ट्रैक्टर ने सवारी से लदी ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी।

Share This Article