‘लड़का हो, जिंदा हो और लॉयल हो…’, आम्रपाली दुबे के जवाब ने लूटी महफिल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री के साथ ही अपने बेबाक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। ग्रैंड प्रीमियर के दौरान सलमान खान के साथ हुई बातचीत में आम्रपाली ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर रिश्तों और पार्टनर की पसंद तक पर खुलकर बात की। शादी के लिए पार्टनर कैसा चाहिए, इस सवाल पर उनका जवाब सुनकर सलमान खान भी अपनी मुस्कान नहीं रोक सके।

शो के ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान ने आम्रपाली से उनके रिलेशनशिप स्टेटस और पसंद के बारे में सवाल किया। इस पर अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें एक ‘अच्छा लड़का’ चाहिए। जब सलमान ने उनसे पूछा कि उनके लिए अच्छा लड़का आखिर कैसा होगा, तो आम्रपाली ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका पार्टनर “लड़का हो, जिंदा हो और लॉयल हो।”
आम्रपाली के इस जवाब ने पूरे माहौल को मजेदार बना दिया। उन्होंने आगे कहा कि जिंदा तो शायद मिल भी जाए, लेकिन लॉयल लड़का मिलना आसान नहीं है। उनकी इस बात पर सलमान खान भी हंसते नजर आए। अब दोनों की यह बातचीत चर्चा का विषय बनी हुई है।
बिग बॉस’ में दिखेगा आम्रपाली का असली अंदाज
आम्रपाली का कहना है कि ‘बिग बॉस’ उनके लिए सिर्फ स्टारडम बढ़ाने का प्लेटफॉर्म नहीं है। फिल्मों में उन्होंने अब तक जो भी किरदार निभाए, वे स्क्रिप्ट का हिस्सा थे, लेकिन बिग बॉस के घर में दर्शकों को उनका रियल और अनफिल्टर्ड पर्सनैलिटी देखने को मिलेगा।
अभिनेत्री ने अपने पुराने विवादों को लेकर भी बेबाकी दिखाई। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी जिंदगी में एक बड़ा विवाद जरूर रहा है, लेकिन अब वह ऐसी बातों से ज्यादा प्रभावित नहीं होतीं। अगर घर में कोई उनके पुराने विवाद को लेकर टिप्पणी करता है, तो वह भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए उसका सामना करने की कोशिश करेंगी।
भोजपुरी सिनेमा की ग्लोबल पहुंच पर भी बोलीं
आम्रपाली ने भोजपुरी सिनेमा की बढ़ती लोकप्रियता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भोजपुरी फिल्मों और गानों को भारत के अलावा फिजी, मॉरीशस, अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशों में भी पसंद किया जाता है। अभिनेत्री को उम्मीद है कि ‘बिग बॉस 20’ के जरिए उनके इन दर्शकों को उनका एक नया और वास्तविक पक्ष देखने को मिलेगा।
वोटिंग के डर से ज्यादा गेम पर फोकस
शो में हार और वोटिंग को लेकर आम्रपाली ने कहा कि वोट करना दर्शकों के हाथ में है और इसे वह नियंत्रित नहीं कर सकतीं। उनका ध्यान घर के अंदर खुद को भावनात्मक रूप से संतुलित रखने और हर परिस्थिति का मजबूती से सामना करने पर रहेगा।
आम्रपाली दुबे की एंट्री ने ‘बिग बॉस 20’ में भोजपुरी तड़का जरूर लगा दिया है। उनके बेबाक बयान पहले ही सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाने वाली आम्रपाली बिग बॉस के घर में अपने असली व्यक्तित्व के साथ कितना लंबा सफर तय कर पाती हैं।

Share This Article