बिहार इन दिनों झुलसाती गर्मी और तेज धूप से परेशान है। हालत ऐसी हो गई है कि लोग सुबह के बाद घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। सुबह 10 बजे के बाद से ही तापमान कई जिलों में 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
पिछले चार दिनों से सूरज की तपिश सुबह 8 बजे से ही महसूस की जा रही है और दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छा जाता है।
बारिश की उम्मीद, 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जानकारी दी है कि सिवान, सारण, वैशाली, पटना, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, नालंदा, नवादा और शेखपुरा में अगले 2 से 3 घंटों के भीतर मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान तेज हवाएं चलने (50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से) और वज्रपात (ठनका) की भी आशंका जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मानसून की दस्तक की तैयारी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून तक पूरा बिहार मानसून की चपेट में आ जाएगा। इस बार मानसून के सामान्य रहने की संभावना है।
18 से 19 जून के बीच अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल में बारिश होगी, जबकि 20 से 21 जून के बीच मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, जमुई, मधुबनी और दरभंगा में मानसूनी बारिश की शुरुआत होगी।
लोगों को राहत की उम्मीद
तेज गर्मी से जूझ रही बिहार की जनता को मानसून की एंट्री से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने भी अलर्ट पर रहने की तैयारी शुरू कर दी है।