पटना में रामनवमी पर हाई अलर्ट, महावीर मंदिर समेत प्रमुख स्थलों पर कड़ी सुरक्षा,डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध

Amit Singh

NEWS PR डेस्क:पटना में रामनवमी के शुभ अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार और सतर्क नजर आ रहा है। खासतौर पर महावीर मंदिर और पंचमुखी हनुमान मंदिर के आसपास व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और रामनवमी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

मंदिरों के आसपास बैरिकेडिंग कर सुव्यवस्थित लाइन की व्यवस्था बनाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही अच्छे तरीके से हो सके। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी ध्यान में रखते हुए कई रूट्स पर डायवर्जन लागू किया गया है, जिसकी जानकारी ट्रैफिक पुलिस द्वारा पहले ही साझा कर दी गई है।

रामनवमी के अवसर पर शहर में कई जुलूस निकलते हैं, जिन्हें देखते हुए डाक बंगला चौराहा और महावीर मंदिर की ओर विशेष इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जेबकतरों और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए सादे लिबास में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट और वरीय अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, अपने आसपास नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा कर्मियों को दें।

पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और हर गतिविधि की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में कार्रवाई की जा सके। लाइटिंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे रात के समय भी सुरक्षा में कोई कमी न रहे। वहीं, सुरक्षा कर्मियों के लिए अलग से मूवमेंट लाइन बनाई गई है, ताकि वे भीड़ के बीच आसानी से गश्त कर सकें और लोगों से संवाद बनाए रख सकें।

प्रशासन ने साफ किया है कि डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, जबकि छोटे स्पीकर की सीमित अनुमति दी गई है। साथ ही लोगों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी ऐसी वस्तु को साथ न रखें, जिससे नुकसान की आशंका हो , ताकि श्रद्धा, आस्था और शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी का पर्व मनाया जा सके।

Share This Article